रांची: संसद की शीतकालीन सत्र में लोकसभा कार्यवाही के दौरान हंगामा करने पर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने आज कांग्रेस के अधीर रंजन समेत विपक्षी दल के 33 सांसदों को निलंबित किया. इसमें अधीर रंजन समेत 30 सांसदों को सदन के पूरे सत्र के लिए सस्पेंड किया है. इसके अलावे तीन सांसद (जयकुमार, विजय वसंत और अब्दुल खालिक) को विशेषाधिकार समिति की रिपोर्ट आने तक निलंबित किया गया है. इन तीनों पर आरोप है कि इन्होंने स्पीकर के पोडियम पर चढ़कर नारेबाजी की.
बता दें, संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने सदन में इन सांसदों के निलंबन को लेकर एक प्रस्ताव पेश किया था जिसे स्वीकृत किया गया. इससे पहले कुल 14 सांसदों को स्पीकर ने निलंबित किया था वहीं आज कुल 33 सांसदों को निलंबित किया. ऐसे में अगर देखा जाए तो इस सत्र में सदन की कार्यवाही के दौरान विपक्ष के कुल 47 सांसदों को सस्पेंड किया गया है.
लोकसभा से निलंबित करने का फैसला ऐसे वक्त पर लिया गया है जब 13 दिसंबर 2023 को संसद की सुरक्षा में चूक होने मामले पर विपक्षी सांसद सदन में लगातार विरोध कर रहे हैं बता दें, इससे पहले 14 दिसंबिर को स्पीकर ने कुल 14 सांसदों को सस्पेंड किया था. इनमें एक राज्यसभा और 13 लोकसभा सदस्य थे स्पीकर ने इन्हें पूरे शीत सत्र के लिए सस्पेंड किया था.
