
रांची : झारखंड सरकार अब सरकारी स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के उद्देश्य से सीटी बजाओ,उपस्थिति बढ़ाओ अभियान चलाने जा रही है। झारखंड शिक्षा परियोजना इसकी तैयारी में जुट गई है। इस अभियान के तहत बच्चे मॉनिटर के नेतृत्व में सीटी बजाते हुए स्कूल जाते हैं, जिससे अभिभावकों को पता चल जाता है कि स्कूल खुला है। इस अभियान के माध्यम से बच्चों के साथ अभिभावकों में भी बच्चों को स्कूल भेजने को लेकर जागरूकता बढ़ रही है। गौरतलब है कि पहले यह अभियान राज्य के सिमडेगा जिला के सरकारी स्कूलों में चलाया गया था। सकारात्मक नतीजे मिलने पर इसे पूरे राज्यभर के स्कूल में चलाने के निर्णय लिया गया है।
अभियान के राज्य पदाधिकारी बादल राज ने बताया कि यह एक कम लागत वाला मॉडल है, जो कारगार और सकारात्मक नतीजे दे रहा है। शिक्षा सचिव के रवि कुमार इस कार्यक्रम को खुद मॉनिटर कर रहे हैं। अभियान ग्रामीण इलाकों में इतना सफल है कि अब हर जिले में 'सीटी बजाओ, स्कूल बुलाओ' अभियान को लागू करने की तैयारी की जा रही है। अभियान का उद्देश्य आउट ऑफ स्कूल, ड्रॉप आउट बच्चों को भी स्कूलों तक लाना है।