
गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह में मां ने अपने 2 साल के मासूम बेटे की जान ले ली। मां पर आरोप है की उसने अपने 2 साल के बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। दरअसल, वो अपने कमरे में किसी से फोन पर बात कर रही थी। इस दौरान छोटा बेटा जोर-जोर रोने लगा। इससे तंग आकर उसने मासूम को हमेशा के लिए मौत की नींद सुला दी। बच्चे की मौत से पूरा परिवार गमजदा है।
पूरा मामला गिरिडीह जिले के गोलगो पंचायत का है। आरोपी बहु के ससुर रोजन अंसारी ने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। बताया कि किसी बात को लेकर पति-पत्नी में झगड़ा हुआ था। देर रात झगड़े के बाद अफसाना खातून ने पति निजामुद्दीन को कमरे से बाहर निकाल दिया। इसके बाद वह फोन पर किसी से बात करने लग गई। इस दौरान छोटा बेटा रोने लगा। उसने बेटे को चुप कराने की बजाय उसकी जान ले ली। इसके बाद पति काफी देर तक कमरे के बाहर ही खड़ा रहा। बाद में उसने पति को कमरे के अंदर बुलाया। पति ने छोटे बेटे को देखा तो उसे संदेह हुआ क्योंकि वो कोई हरकत नहीं कर रहा है। उसने बेटे को उठाया लेकिन वह बिलकुल ठंडा पड़ चुका था। यह देख कर वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा। चिल्लाने की आवाज सुनते ही परिवार वाले दौड़ पड़े। बच्चे को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।