जमशेदपुर : मानगो थाना अंतर्गत पोस्ट ऑफिस रोड आदर्श नगर निवासी जितेंद्र पांडे के घर से चोरों ने लगभग दस लाख रुपए के सोने के आभूषणों की चोरी कर ली. जितेंद्र पांडे ने बताया कि दो दिन पूर्व वे अपने भाई के घर बर्मामाइंस ईस्टप्लांट बस्ती गए हुए थे. बुधवार की शाम जब वे अपने घर लौटे तो घर का मुख्य दरवाजा बंद था, जबकि बालकोनी का दरवाजा खुला हुआ था.
चोर कहां से प्रवेश किये खुद उन्हें यह समझ में नहीं आया. लेकिन जब कमरे में गए तो अलमीरा और उसका लॉकर खुला हुआ पाया. उसमें रखे लगभग दस लाख रुपए के आभूषण डब्बे सहित गायब थे. सभी जेवरात चोरी हुआ देख जितेंद्र पांडे की पत्नी मौके पर ही बेहोश हो गई. पीड़ित गृहस्वामी ने बताया कि मुख्य दरवाजे का ताला बंद रहने के बावजूद चोर अंदर कैसे प्रवेश कर गए समझ से परे हैं. इधर, जानकारी मिलने पर भाजपा नेता विकास सिंह पीड़ित के घर पहुंचे और पुलिस को घटना से अवगत कराया. सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंची और मामले की जांच पड़ताल की.
