रांची : इस समय रांची क्रिसमस के रंग में रंग गया है. शहर के चौक चौराहों से लेकर रास्ते और गलियों में रंग बिरंगी रोशनी तथा क्रिसमस प्रतीक चिन्ह की सजावट हर आते जाते लोगों को आकर्षित कर रही है. शहर के लगभग सभी चौक चौराहों पर मेरी क्रिसमस के कट आउट के साथ ही रंग बिरंगी रोशनी नए साल का स्वागत करने के लिए बेकरार हो रही है. शहर की दुकानों से लेकर मॉल, बिग बाजार, प्रतिष्ठान,सब जगह चहल पहल है.
वहीं, बाजार से लेकर गिरजाघरों तक रौनक नजर आ रहा है. गिरजाघर में इस समय उनकी सजावट देखते बन रही है. गिरजाघरों की रंगाई के बाद उनका डेकोरेशन देखते बन रहा है. शहर के विभिन्न स्थानों पर विभिन्न प्रकार की लाइटें तथा सांता क्लॉज का कट आउट शहरवासियों को आकर्षित कर रहा है. बाजारों में भी यह रौनक दिख रही है. विभिन्न बाजारों में दुकानों तथा पटरियों पर क्रिसमस ट्री, सांता क्लॉज तथा डेकोरेशन के विभिन्न आइटम्स दिख रहे हैं.
कुछ जगहों से क्रिसमस डे के लिए केक के आर्डर आने लगे हैं. क्रिसमस पर केक और चॉकलेट का कारोबार भी अच्छा होता है. इस समय केक की दुकानों पर आर्डर पर केक मिल रहा है. अधिकतर एक किग्रा से लेकर पांच किग्रा तक के केक आर्डर दिए जा रहे हैं. कारोबारियों के अनुसार क्रिसमस के दिन एक दुकान पर औसत 50 केक का आर्डर है. एक किग्रा केक की कीमत 500 रुपये है. ऐसे में देखा जाए तो 500 दुकानों पर लगभग सवा करोड़ की केक की बिक्री तय है. अधिकांश लोग पर्व के दिन खरीदारी करते हैं. इसलिए अलग-अलग वजन का केक पहले से ही तैयार कर लिया जा रहा है.
