
चतरा : अक्सर ऐसी खबर सामने आती है कि झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से लोगों की स्वास्थय खराब हो गई। कई बार तो जान तक चली जाती है। ताजा मामला आया है चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र के केदली गांव से। जहां एक झोलाछाप डॉक्टर ने मासूम की जान ले ली। बताया जा रहा है कि राजहर गांव के रहने वाले छोटू यादव के ढाई साल के बेटे की तबीयत खराब थी। उसका इलाज के लिए झोलाछाप डॉक्टर मदन कुमार कर रहे थे।
जानकारी के मुताबिक एक सप्ताह से बच्चे का इलाज चल रहा था। सोमवार को छोटू यादव अपने बच्चे का चेकअप करवाने के लिए केदली पहुंचे। इसके बाद झोलाछाप डॉक्टर ने एक इंजेक्शन लगा दिया। इसके बाद पिता बच्चे को घर ले गए। घर ले जाने पर बच्चे की स्थिति खराब होने लगी। तुरंत बच्चा को झोलाछाप के पास लाया गया, जहां स्थिति गंभीर देख उसे सदर अस्पताल चतरा भेज दिया गया। सदर अस्पताल में डॉक्टर ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।