आदित्यपुर : सरायकेला जिले में बढ़ते शीतलहर और ठण्ड को देखते हुए जिले के महत्वपूर्ण जगहों पर अलाव जलाए जा रहे हैं तथा आश्रय गृह व बेघरों, राहगीरों के बीच बुधवार को कंबल बांटे गए हैं. डीसी रवि शंकर शुक्ला के निर्देश पर जिले के नगर निकाय तथा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न मुख्य चौक चौराहो पर अलाव की व्यवस्था की जा रही है. साथ ही जिले के विभिन्न क्षेत्र में भ्रमण कर आश्रय गृह, बेघरों, रिक्शावालों, फुटपाथ पर सो रहे लोग व अन्य जरुरतमंदो के बीच कम्बल का वितरण किया जा रहा है. डीसी ने बढ़ते ठंढ को देखते हुए समस्त जिलेवासियों से अपील किया है कि आवश्यक कार्य पड़ने पर ही ठंड में बाहर निकलें. जब तक बाहर जाना अति आवश्यक नहीं हो यथासंभव घर के अंदर ही सुरक्षित रहें.
उन्होंने विशेषकर वृद्ध एवं बच्चे को सुबह और शाम के बाद घरों में ही रहने का निर्देश दिया है. उन्होंने बताया कि मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने की संभावना है. उन्होंने जिलेवासियों से अपील किया कि स्थानीय समाचार पत्र, रेडियो या टेलीविजन के माध्यम से मौसम की जानकारी लेते रहें. यदि घर से बाहर जाना आवश्यक हो तो शरीर पर समुचित गर्म कपड़ों को पहन कर ही निकलें तथा अपने सिर, चेहरा, हाथ एवं पैर को भी गर्म कपड़े से ढक लें.
