
जमशेदपुर : पश्चिम सिंहभूम जिले के गुदड़ी थाना क्षेत्र के रायगढ़ा में पूर्व उप प्रमुख कमल पूर्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने गोली मारी है। यह बात भी सामने निकलकर आ रही है कि मुखबिरी का आरोप लगाते हुए उसकी हत्या की गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। एसपी आशुतोष शेखर ने खबर की पुष्टि की है।
पुलिस ने गुदड़ी थाना क्षेत्र के रायगढ़ा मुख्य सड़क से कमल पूर्ति का शव बरामद किया है। कहा जा रहा है कि घटना सोमवार दोपहर की है। शव के पास नक्सलियों ने पोस्टर भी फेंका है जिसमें लिखा गया है कि कमल पूर्ति ने पुलिस मुखबिरी की है, इसलिए उसे माओवादियों ने सजा दी है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना स्थल घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र में होने के कारण पुलिस सुरक्षा दृष्टिकोण से सतर्कता बरत रही है। कमल पर माओवादियों ने इससे पहले भी जानलेवा हमला किया है। लेकिन वह माओवादी हमले में बच निकला था।