
नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या मामले में जयपुर पुलिस को आज एक और सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है, जो एयर होस्टेस की तैयारी कर रही थी। महिला का नाम पूजा सैनी है लेकिन उसने पूजा बत्रा के नाम से जयपुर में एक फ्लैट किराये पर लिया था। खबर है कि सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या करने जयपुर आया शूटर नितिन फौजी इसी महिला के फ्लैट में रुका था। महिला विवाहित है। आरोप है कि सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के लिए शूटर नितिन और रोहित को इसी महिला के पति ने गन उपलब्ध कराये थे। महिला के फ्लैट से एक AK 47 राइफल मिली है।
महिला ने अपने पति का नाम समीर बताया है, जो कि जयपुर का मशहूर हिस्ट्री शीटर बताया जाता है। समीर को नितिन से पूजा सैनी ने ही मिलवाया था। फिर समीर ने नितिन को कुछ और लोगों से मिलवाया, जो गोगामेड़ी की हत्या करने में कहीं न कहीं से मददगार साबित हो सकते थे। पुलिस ने बताया है कि समीर ने अजमेर रोड में रहने वाले एक व्यक्ति से नितिन को मिलवाया। इसी आदमी ने नितिन को गन उपलब्ध कराया। पुलिस ने इस गन को बरामद कर लिया है।