
दुमका : दुमका जिले के हंसडीहा पुलिस ने दो युवकों को भारी मात्रा में कटिंग की गई रेल पटरी के साथ गिरफ्तार किया है। मामला हंसडीहा-मोहनपुर रेलखंड पर हंसडीहा (Hansdiha) थाना क्षेत्र अंतर्गत पोल संख्या 31/0 के समीप का है। गिरफ्तार युवकों में आमोद राणा व रोहित राय शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक रविवार रात रेलवे कर्मियों ने पोल संख्या 31/0 के समीप कुछ लोगों को चहलकदमी करते देखा, जिसके बाद मामले की जानकारी आरपीएफ को दी गई।
सूचना मिलने पर आरपीएफ की टीम और हंसडीहा पुलिस पहुंची और 2 युवकों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि वहां मौजूद करीब आधा दर्जन से अधिक लोग फरार हो गए। पुलिस ने मौके से कटिंग की गई 200 फिट रेल पटरी, एक ट्रैक्टर, एक ऑटो रिक्शा, एक बाइक और एक गैस कटर मशीन जब्त किया है। दोनों युवकों और जब्त किए गए समानों को आरपीएफ अपने साथ लेकर दुमका लेकर चली गई।
बता दें कि रेल की पटरी स्टेशन के बगल में रखी हुई थी। स्टेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि उक्त पटरी की कटिंग कर पहले भी चोरी की गई होगी। मामले की जांच होने के बाद ही खुलासा होगा। बताया जाता है कि रेल पटरी की कटिंग कर बेचने का बड़ा गिरोह है। गिरफ्तार युवकों निशानदेही पर अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी होने की संभावना है। इस मोके पर रेलवे के अवर निरीक्षक कुंदन, मनोज कुमार कॉन्स्टेबल सुनील कापरी सहित हंसडीहा थाना के जवान मौजूद थे।