
भागलपुर : बिहार से एक नया कांड सामने आया है। भागलपुर जिले में रविवार की सुबह लोहिया पुल की रेलिंग को तोड़ते हुए ट्रेन की बोगी बाजार में घुस आई। बीच बाजार में अचानक ट्रेन की बोगी देखकर लोग हैरान रह गए। बाजार में अफरा-तफरी का महौल हो गया। लोग इधर-उधर भागने लगे। गनीमत ये रही कि इस दौरान कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। रेलवे के अधिकारी हादसे वाली जगह पर पहुंचकर रास्ते पर अटकी बोगी को हटाने में लग गए।
दरअसल ट्रेन की बोगी ट्रेलर पर लोड होकर लोहिया पुल से जा रही थी। इसी बीच ट्रेलर के ड्राइवर का ट्रक से कंट्रोल खत्म हो गया। बेकाबू होते ही ट्रेन की बोगी लोहिया पुल को तोड़ते हुए सड़क पर बाजार में घुस गयी। हादसे के बाद वहां भगदड़ की स्थिति बन गई। स्टेशन जाने वाला रोड बाधित हो गया। हादसे की वजह ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। वहीं इस घटना में टेलर का ड्राइवर बुरी तरह से घायल हो गया। हालांकि उसकी सूझबूझ के कारण की बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल ड्राइवर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे की सूचना मिलने के बाद अधिकारी और सीआरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद बोगी को हटाने का प्रयास किया जाने लगा। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बोगी को वहां से हटाया जा सका। गौरतलब है कि बीते 24 घंटे में बिहार से यह दूसरा मामला सामने आया है। इससे पहले मोतिहारी में एक हवाई जहाज पुल के नीचे फंस गया था। उस वक्त उसे भी ट्रक पर लोड कर ले असम ले जाया जा रहा था।