जमशेदपुर: झारखंड के जनक और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी एवं झारखंड आंदोलन के नायक शहीद निर्मल महतो की जयंती पर सोमवार को भाजपाई पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत कदमा उलियान स्थित शहीद निर्मल महतो के समाधि स्थल पर एक दिवसीय उपवास पर बैठे. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा 8 अगस्त 2019 को जमशेदपुर में किए गए वादे को याद दिलाने के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष गुंजन यादव ने उपवास पर बैठने की घोषणा की थी. इसी क्रम में भाजपाई समाधिस्थल पर जुटे और शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर वहीं, उपवास पर बैठ गए. लेकिन पुलिस ने उन्हें समाधिस्थल के पास धरना-उपवास करने से रोक दिया और जबरन उक्त स्थान से बाहर कर दिया. इस दौरान पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच बहस और धक्का-मुक्की भी हुई. इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता समाधिस्थल के बाहर आ गए और पेड़ के नीचे बैठ कर विरोध प्रदर्शन किया.
हालांकि शहीद निर्मल महतो की जयंती पर कदमा में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी शामिल होना था, लेकिन वे किसी कारणवश नहीं आ सके. इसके बावजूद भाजपाइयों ने अपना विरोध जारी रखा. इस दौरान झामुमो कार्यकर्ता जिस मार्ग से नारेबाजी करते हुए समाधिस्थल पर पहुंच रहे थे. वहीं भाजपा कार्यकर्ता भी उपवास पर बैठकर अपना विरोध जता रहे थे. इस दौरान स्थिति काफी तनावपूर्ण बनी हुई थी. हालांकि पहले से तैनात पुलिस की वजह से कोई भी अप्रिय घटना नहीं हुई.
