जमशेदपुर: गोलमुरी पुलिस ने मोबाइल लूट के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. इसके पास से छह मोबाइल बरामद हुआ है, जिसमें लूटा गया मोबाइल भी शामिल है. गिरफ्तार आरोपी 21 वर्षीय शिवा सोना उर्फ शिवा लोहार सीतारामडेरा के भुइयां बस्ती का रहने वाला है. पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के बाद गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. इस मामले में गोलमुरी गाढ़ाबासा के मथुरा बगान निवासी सुनील कुमार साहनी ने थाना में 25 दिसंबर को एक प्राथमिकी दर्ज करवाई थी. अपनी शिकायत में सुनील कुमार ने मोबाइल लूटने और चोट पहुंचाने का आरोप लगाया था. मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कारवाई करते हुए छापामारी कर 48 घंटे के भीतर कांड का उद्भेदन कर दिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. छापामारी दल में गोलमुरी थाना प्रभारी राजीव रंजन, एसआई निलेश कुमार और हवालदार अरुण पासवान शामिल थे.
