
साहिबगंज : धनबाद मंडल कारा के बाद अब साहिबगंज जेल में भी पुलिस ने छापेमारी की है। साहिबगंज डीसी और एसपी के नेतृत्व में सोमवार अहले सुबह भारी संख्या में साहिबगंज मंडल कारा पहुंची पुलिस बल ने छापेमारी अभियान चलाया है। करीब ढ़ाई घंटे तक चले इस छापेमारी में जेल के सभी वार्ड,वार्ड के शौचालय, सुरक्षा कर्मियों के ठिकानों सहित जेल की चाहरदिवारी की भी बारीकी से जांच की गई। हालांकि जांच के दौरान कोई आपत्तिजनक चीज बरामद होने की जानकारी नहीं है।
मौके पर जिला के कई पदाधिकारी मौजूद
सुबह भारी संख्या में पुलिस बल को देखकर जेल में हड़कंप मच गया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कैदियों ने रोजाना मिलने वाले भोजन के मामले में पहले में कोई शिकायत की थी, जिसको लेकर साहिबगंज डीसी के नेतृत्व में छापेमारी अभियान चलाया गया है। मौके पर जिला के कई पदाधिकारी व नगर थाना प्रभारी, अमित कुमार गुप्ता, जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी प्रणीत पटेल, मुफस्सिल थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश व बोरियो थाना प्रभारी निरंजन कच्छप समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे।