
लोहरदगा: एक बार फिर नक्सलियों ने उत्पात मचाया है। प्रतिबंधित नक्सली संगठन PLFI उग्रवादियों ने तांडव मचाया है। उन्होंने निर्माण कार्य में लगी कई मशीनों को आग के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार लोहरदगा के कैरो थाना क्षेत्र के पास नंदिनी डैम के तीन नहर का निर्माण कार्य चल रहा है। कुछ दिन पहले पीएलएफआई नक्सलियों ने लेवी की मांग की थी। कहा जा रहा है कि इसी कारण उनलोगों ने मशीनों को आग के हवाले कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी वहां से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
नंदिनी डैम पर लगभग 40 करोड़ रुपए की लागत से नहर की मरम्मत का कार्य चल रहा है। इसी बीच बुधवार रात पीएलएफआई के एरिया कमांडर हार्डकोर कृष्णा यादव के हथियारबंद दस्ता करीब आधा दर्जन की संख्या में निर्माण स्थल पर पहुंचे। वहां पहुंचकर सो रहे निर्माणकारी एजेंसी के कर्मियों को जगाया। इसके बाद कर्मियों से कहा कि वह मशीनों में आग लग रहे हैं। किसी ने भी आग को बुझाने की कोशिश की तो उसे गोली मार दी जाएगी। इसके बाद पीएलएफआई के उग्रवादियों ने योजना स्थल पर खड़े दो पोकलेन मशीन और एक ट्रैक्टर में आग लगा दी। इस घटना को अंजाम देने के बाद पीएलएफआई के उग्रवादी वहां से चलते बने।
इसके बाद किसी प्रकार से मजदूरों ने घटना की सूचना कैरो थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कैरो थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की है। इसके अलावा डीएसपी परमेश्वर प्रसाद, कैरो थाना प्रभारी शंखनाथ उरांव, पुलिस निरीक्षक मंटू कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की है। इस घटना की पुष्टि लोहरदगा के एसपी हारिस बिन जमां ने की है। एसपी ने कहा है की घटना की प्रारंभिक जांच में पीएलएफआई के उग्रवादियों का हाथ होने की बात सामने आ रही है। घटना को लेकर प्राथमिक की दर्ज की जा रही है। साथ ही उग्रवादियों को पकड़ने के लिए इलाके में अभियान तेज कर दिया गया है।