रांची: राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में घना कुहासा छाया हुआ है तो कहीं आंशिक बादल छाए हुए है. वहीं धूप के ठीक से नहीं खिलने की वजह लोगों को ठंड भी सता रही है हालांकि अभी कुछ और दिनों तक लोगों को ठंड से राहत मिलने नहीं वाली है. मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में अभी अगले दो दिनों तक सुबह में कुहासा और कनकनी ठंड सताएगी. इसके बाद राज्य में एक बार फिर से बादल छा जाएंगे. इधर मौसम के इस रूख को लेकर विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी कर दी है.
विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बताया है कि अगले 10 जनवरी को राज्य के पश्चिमी हिस्सों में हल्के मध्यम की बारिश होगी. इसमें चतरा, पलामू, लातेहार और गढ़वा जिले शामिल है. इसके बाद अगले दो दिन तक सुबह के समय कोहरा और धुंध छा जाने के बाद मौसम साफ हो जाएगा. बात करें बीते रविवार की, तो इस दिन राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिला के हिस्सों में धुंध और कोहरा छाया रहा. मगर इस बीच रांची में कुछ देर तक धूप खिली जिससे लोगों को थोड़ी ठंड से राहत मिली थी.
मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी समेत आसपास के हिस्सों में सुबह के वक्त ज्यादा ठंड लगने लगी है और कुहासे और धुंध की वजह से कनकनी का एहसास होने लगा है. वैज्ञानिकों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ की वजह से राज्य के मौसम में बदलाव हो रहा है. इसका खासा असर 10 जनवरी को राजधानी समेत अन्य जिलों में दिखेगा. विभाग ने बताया है कि मकर संक्रांति तक पश्चिमी विक्षोभ की वजह से राज्य के मौसम में उतार-चढ़ाव देखा जाएगा. हालांकि अगले दो दिनों के बीच न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव नहीं होगा. लेकिन उसके दो दिन बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की बढ़ोत्तरी हो सकती है.
