- पुलिस बोली कारवाई जारी, शनि व्यवस्था की कोई समस्या नही
कन्नौज: गुरसहायगंज के गंगा घाट स्थित जलेसर घाट के आश्रम में हमलावरों ने कल देर रात एक साधु पर डीजल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे साधु को आश्रम के अन्य संतों ने मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखकर उन्हें कानपुर रेफर कर दिया। घटना देर रात करीब 9:30 बजे की है।
जलेसर घाट पर स्थित आश्रम में 22 वर्षीय शिवदास उर्फ शिवम अन्य साधुओं के साथ रहते हैं। वह आश्रम में गोवंशियों की देखभाल करते हैं। देर रात करीब साढ़े नौ बजे साधु रघुवीर दास ने अन्य साधुओं के सहयोग से गंभीर रूप से झुलसे शिवदास को मेडिकल कालेज तिर्वा में भर्ती कराया गया। यहां शिवदास ने बताया कि वह गोवंशियों को चारा दे रहे थे। इस दौरान चार लोगों ने उन पर हमला कर दिया। उनके शरीर पर डीजल डालकर आग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी अमित कुमार आनंद, सीओ तिर्वा डा. प्रियंका बाजपेयी और तहसीलदार तिर्वा अवनीश कुमार सिंह पहुंच गए।
तहसीलदार ने आग से झुलसे शिवदास के गोपनीय बयान दर्ज किए। उनकी हालत गंभीर देख डा. अनूप चंद्रा ने एलएलआर अस्पताल कानपुर रेफर कर दिया। डा. अनूप चंद्रा ने बताया कि आग से शिवदास करीब 95 प्रतिशत झुलस गए हैं। एसपी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर कार्रवाई की जाएगी। हमला करने वाले लोगों की तलाश की जा रही है।
जलेसर घाट आश्रम पर स्वामित्व को लेकर करीब एक माह से विवाद चल रहा है। स्थानीय समाचार पत्रों ने ने 19 दिसंबर को 'आश्रम पर कब्जे को लेकर दबंगों का उपद्रव' शीर्षक से खबर भी प्रकाशित की थी। खबर छपने के अगले दिन कुछ साधु इस मामले में डीएम से मिले थे उनसे भी प्रभावी कारवाई की मांग की थी। डीएम ने इस प्रकरण को गम्भीरता से देकगने के लिए गुरसहायगंज पुलिस को निर्देशित किया था लेकिन इस मामले में पुलिस प्रशासन ने किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की। ऐसे में लोगों का कहना है कि अगर प्रशासन ने कार्रवाई की होती तो इस तरह की घटना न होती।
घटना के बाद पुलिस के मीडिया सेल ने एक बयान जारी कर स्थिति स्पष्ट की है इस बयान के मुताबिक 9 जनवरी को जलेसर घाट थाना गुरसहायगंज पर अवस्थित मंदिर परिसर में एक 20 वर्षीय युवक शिवदास उर्फ शिवम के आग लगने की समय करीब साय: 8 बजे घटना हुई है। शिवम उपरोक्त उक्त मंदिर के महंत रघुवरदास का चेला है। सूचना पर गुरसहायगंज पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची और शिवम को उपचार हेतु तिर्वा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है। शिवम ने अपने बयान में नंबरदार के लड़के अनिल, आलोक और 03 अन्य साधुओं यथा रामेश्वर दास, रघुनाथ दास और भोलादास द्वारा आग लगाने की बात बताई है। मंदिर के साधुओं के बीच मंदिर के महंत नियुक्ति को लेकर विवाद प्रकाश में आया है। फील्ड यूनिट टीम द्वारा साक्ष्य संकलित किया गया है।सीसीटीवी अवलोकन से आरोपों की पूर्ण रूप से पुष्टि नही हो रही है। घटना की जांच की जा रही है। घटनास्थल का निरीक्षण पुलिस अधीक्षक कन्नौज, अपर पुलिस अधीक्षक कन्नौज व क्षेत्राधिकारी सदर द्वारा किया गया है। आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। लॉ एंड आर्डर की कोई समस्या नहीं है।
