जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन के सामने चाईबासा स्टैंड व रेल एसपी कार्यालय से होकर करनडीह तक जाने वाली मुख्य सड़क बंद की जायेगी. जल्द ही यह सड़क टाटानगर रेलवे स्टेशन के परिसर का हिस्सा बन जायेगी.
मुख्य सड़क को बंद करने के बाद वैकल्पिक रास्ते को लेकर दो विकल्पों पर रेल प्रशासन काम रहा है. रेलवे की योजना है कि जुगसलाई के संकटा सिंह पेट्रोल पंप से होकर एक फ्लाइओवर करनडीह तक बने. सड़क का विकल्प भी तलाशा जा रहा. दोनों विकल्पों को ध्यान में रखकर प्लान तैयार किया जा रहा है.
बागबेड़ा और करनडीह तक के सभी रेलवे क्वार्टरों को खाली करने की नोटिस कर्मचारियों को दी गयी है. जुगसलाई दुखु मार्केट के पीछे से रेलवे ओवरब्रिज से लेकर टाटा पिगमेंट गेट के गोलचक्कर को कनेक्ट करने के लिए भी एक रास्ता बनाया जा रहा है. इस तरह तीन अलग-अलग प्लान पर रेल प्रशासन काम कर रहा है. चक्रधरपुर डीआरएम अरुण जे राठौर ने अपने दौरे के दौरान इन परियोजनाओं को मंजूरी दी है.
