कन्नौज: जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में गौरी शंकर मंदिर परिसर में श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर कार्यक्रमो को भव्यता से कराये जाने के संबंध मे मंदिर के सदस्यों एवं व्यापार मंडल के सदस्यों के साथ बैठक सम्पन्न हुयी।
जिलाधिकारी ने कहा कि श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर 14 से 22 जनवरी तक जनपद के समस्त राम मंदिरों, हनुमान मंदिर एवं बाल्मीकि मंदिरों में राम कथा, रामायण पाठ, भजन कीर्तन आदि सांस्कृतिक कार्यक्रम कराये जायेगें। इस अवसर पर लोगों के सहयोग से मंदिरों में दीप प्रज्जवलन/दीपदान के साथ-साथ राम कथा प्रवचन, अनवरत रामायणध्रामचरित मानस का पाठ/सुन्दरकाण्ड कार्यक्रम किये जाये। हर्ष उल्लास के साथ कार्यक्रम कराए । इससे कोई भी क्षेत्र छूटने न पाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मंदिरों का चयन कर लिया गया है। कार्यक्रम का प्रभावी अनुश्रवण नोडल एंव सहायक नोडल अधिकारी कार्यक्रम सुनिश्चित करायेगें। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देश देते हुए कहा कि नगर के चौराहों की साज सज्जा कराई जाए। मंदिरों में बिजली, पेयजल, साफ सफाई की व्यवस्था पूर्व से ही सुनिश्चित कराए।
बैठक में अपर जिला मजिस्ट्रेट आशीष कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका नीलम चौधरी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
