
रांची: राजधानी रांची से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है जिसे सुनकर आप चौंक जाएंगे. दरअसल यहां पर झारखंड साइबर सेल ने कार्रवाई करते हुए बिहार के रहने वाले ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है जो लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी कर विदेशों की यात्रा और अय्याशी करता था. और उसके मोहल्ले वाले उसे बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ा मानते थे. लेकिन उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया है.
आपको बता दें, क्रिप्टो करेंसी के नाम पर लोगों से करोड़ों के साइबर फ्रॉड करने वाला एक साइबर अपराधी झारखंड साइबर सेल के हत्थे चढ़ा है. अपराधी का नाम शशि शंकर कुमार उर्फ विक्की है जिसे बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार किया गया और वहां से रांची लाने के बाद उसे जेल भेजा गया. इसकी जानकारी सीआईडी डीजी अनुराग गुप्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी. जानकारी के अनुसार, अपराधी के खिलाफ झारखंड साइबर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी जिसपर कार्रवाई करते हुए झारखंड साइबर सेल ने उसे मुजफ्फरपुर से दबोच लिया जिसे रांची लाने के बाद जेल भेजा गया.
जानकारी के मुताबिक, अपराधी ने अबतक करीब 20 करोड़ से अधिक की ठगी की है इसके लिए उसने झारखंड और बिहार सहित पश्चिम बंगाल, असम, महाराष्ट्र समेत देशभर के कई लोगों को करोड़ों रुपए का चूना लगाया है. इधर, गिरफ्तार आरोपी को उसके मोहल्ले के लोग बॉलीवुड इंडस्ट्री से जुड़ा मानते थे क्योंकि साइबर ठग ने अपने इर्द गिर्द ऐसा मायाजाल बना रखा था कि लोग उसके झांसे में आसानी से आ जाते थे. इतना ही नहीं अपने ठगी के पैसों से अपराधी अय्याशी और मजे में विदेशों की यात्रा करता था.
अपराधी बिहार के मुज्जफरपुर जिले के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र का रहने वाला है. आरोपी अपने ठगी के पैसे से विदेश की इतनी ट्रिप कर चुका है कि उसका पासपोर्ट भी भर चुका है और इस वजह से उसने नए पासपोर्ट के लिए भी अप्लाई किया हुआ है. वही उसके मोहल्ले के लोग उसकी विदेशों की यात्रा और उसके रहने के तौर तरीकों को देखकर बॉलीवुड इंडस्ट्री से जुड़े होने की बात ही जानते थे. मगर असल में शशि साइबर फ्रॉड से जुड़ा था और क्रिप्टो करेंसी और बिट कॉइन के जरिए लोगों को रातों रात अमीर बनाने की बात करता था और लोगों को झांसे में लेने के लिए वह नोटों को फाड़ता और फड़वाता था हालांकि फाड़े गए नोट नकली करेंसी होते थे लेकिन इतने शातिराना अंदाज में वो नोटों को फड़वाता था कि लोग समझ ही नहीं पाते थे.
इस मामले की जानकारी देते हुए डीजी सीआईडी अनुराग गुप्ता ने बताया कि बोकारो जिले के रहने वाले व्यक्ति से 60 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया था जिसके बाद जांच में शशि का हाथ मिला और फिर उसे बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपी के पास से कई टेक्निकल साक्ष्य मिले है जिसके आधार पर सीआईडी ने उसे गिरफ्तार किया. उन्होंने बताया कि आरोपी के पास से एक मोबाइल, एक राउटर, 02 सिम, 01 पासबुक, 04 चेकबुक बरामद किए गए हैं. वहीं उसके साथ ही आरोपी के कुछ और आरोपियों के नाम सीआईडी को मिले है जिन्हे जल्द गिरफ्तार करने के लिए टीम प्रयासरत हैं.