
रांची: गिरिडीह में पुलिस ने पशु तस्करों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है. मामला जिले के बिरनी थाना क्षेत्र का है जहां गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए पुलिस ने मवेशियों से लदे दो ट्रक सहित पशु तस्करी के आरोप में 10 लोगों को गिरफ्तार किया. वहीं जब्त दोनों ट्रक से पुलिस ने करीब 80 से अधिक मवेशी बरामद की है. इस मामले में एसपी दीपक कुमार शर्मा को गुप्त सूचना मिली थी कि मवेशी तस्कर ट्रकों में पशुओं को लादकर बिरनी के रास्ते से होते हुए बंगाल की ओर ले जा रहे हैं. वहीं इसकी जानकारी जैसे ही एसपी को मिली उन्होंने बिरनी थाना प्रभारी मृत्युंजय सिंह को नाकेबंदी कर तस्करों द्वारा मवेशी लादकर लिए जा रहे ट्रक को पकड़ने के निर्देश दिए.
इसके बाद बिरनी थाना प्रभारी ने बिरनी कोवाड़ मार्ग पर नाकेबंदी कर उस सड़क से आनेजाने वाले वाहनों की जांच शुरू की. इस बीच पुलिस ने बिरनी सरिया सड़क पर तेज गति से आ रहे ट्रकों को रूकने का इशासा किया इसपर ड्राइवर वाहन कि गति और तेज करते हुए भागने लगा. मगर पुलिस की टीम ने खदेड़ते हुए दो ट्रकों को दबोच लिया. वहीं जांच के दौरान पुलिस ने दोनों ट्रक से करीब 80 से अधिक मवेशी बरामद करते हुए 10 लोगों को गिरफ्तार किया. इससे पहले पुलिस ने ट्रक चालकों से मवेशी से संबंधिक कागजात की मांग की. लेकिन वे कुछ भी कागजात नहीं दिखा सकें.