कन्नौज: लगातार मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए अपर जिलाधिकारी आशीष कुमार सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संसार सिंह ने आज अचानक सहायक सम्भागीय परिवहन कार्यालय में छापा मारा तो चौदह दलाल पकड़ में आ गए। उन सभी को हिरासत में लेकर कोतवाली पुलिस को विधिक कार्रवाई के लिए सिपुर्द कर दिया गया।
जानकारों की माने तो यह सूचना वक्त से पहले लीक हो गयी थी जिसके चलते शातिर दलाल पहले ही मैदान छोड़कर भाग निकले वरना काफी बड़ी संख्या में गिरफ्तारियां होतीं। फिर भी आज की कार्रवाई से दहशत तो फैल ही गयी। माना जा रहा है कि अब कुछ दिन एआरटीओ कार्यालय का काम साफसुथरे ढंग से चलेगा।
सहायक परिवहन अधिकारी प्रवर्तन इज्या तिवारी ने फिर कहा है कि जनसामान्य को दलालो से दूर रहकर किसी भी समस्या के समाधान के लिए उनसे मिलना चाहिए। वैसे आजकल ज्यादातर सेवाएं आन लाइन हैं फिर भी कोई समस्या हो तो वे कार्यालय समय मे हमेशा जन सामान्य को उपलब्ध हैं।
सुश्री तिवारी के अनुसार आला अफसरों के आज के निरीक्षण में कार्यालय का कामकाज और रखरखाव ठीक मिला और दलालो की गिरफ्तारियां कार्यालय परिसर के बाहर की घटना है।
